विकासकार्यों में खुल्लेआम कमीशनखोरी का खेल। ब्लॉक के अधिकारी और ठेकेदार मिलकर लूट रहे दोनों हाथों से।
चमोली
के पोखरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत खाल में सांसद निधि में घूसखोरी का हुआ बड़ा खुलासा!
पोखरी। चमोली जिले के पोखरी विकासखंड में विकासकार्यों में खुलेआम कमीशनखोरी का खेल खेला जा रहा है। इस खेल में अधिकारी ,कर्मचारी और ठेकेदार सब शामिल हैं।
वर्ष 2024 में ग्राम पंचायत खाल में सांसद निधि के अंतर्गत 4 लाख 99 हजार में एक सामुदायिक भवन स्वीकृत हुआ था जिसका पोखरी विकास खंड द्वारा टेंडर आबंटित किया गया जिसे मनवर चौहान नाम के ठेकेदार द्वारा लिया गया। इस कार्य में विकास खंड द्वारा 4 लाख 58 हजार रुपए का भुगतान ठेकेदार को किया गया। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि इस काम में विकास खंड को ठेकेदार द्वारा 51 हजार रुपए कमीशन या रिश्वत के रूप में दिए गए। जिसका हिसाब किताब ठेकेदार द्वारा जारी किया गया।
जब गांव के युवकों द्वारा जिनके द्वारा यहां मजदूरी और कार्य करवाया जा रहा था उनका भुगतान न होने के बाद उन्होंने ठेकेदार से हिसाब किताब पूछा तो ठेकेदार द्वारा साफ साफ तौर पर हिसाब किताब की एक पर्ची दी गई है जिसमें कमीशन के 51 हजार रुपयों का जिक्र भी है।
ऐसे में बड़ा सवाल उठ रहा है कि क्या ठेकेदार और कर्मचारी आपस में मिलकर कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
जब ठेकेदार से सवाल पूछा गया कि किसको कब कब कितना कमीशन दिया गया है तो ठेकेदार ने अधिकारी और कर्मचारियों को देने की बात कही है।
आपको जानकर और भी ज्यादा हैरानी होगी कि कुछ ही समय पहले सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विभागों के विकासकार्यों में 15 प्रतिशत रिश्वतखोरी की बात कही थी जिसका वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ था।
दरअसल पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत की बात पर न सिर्फ मुहर लगी है बल्कि ये कमीशनखोरी भी उन्हीं के द्वारा दी गई सांसद निधि में ब्लॉक के अधिकारियों , कर्मचारियों और ठेकेदार द्वारा मिलकर की गई है।
इसी प्रकरण का एक वीडियो स्टिंग भी सामने आ रहा है जहां काम शुरू होने से पहले ही ठेकेदार सीधे सीधे कमीशन काटने की बात कह रहा है।
अब इस मामले में मजदूरों का पूरा भुगतान न होने पर मजदूरों ने इसके खिलाफ मुख्यमंत्री हेल्प लाइन में शिकायत दर्ज करवाने और भ्रष्टाचार के अंतर्गत मामले में जिलाधिकारी को शिकायत दर्ज करवाने की बात कही है।
ग्रामीण हिमांशु बेंजवाल , विनोद खाली ,ताजवर सिंह ,अशोक सिंह , सुखदेव सिंह ,संतोष कुमार ,नरेंद्र कुमार ने यह शिकायत दर्ज करवाई है।
न्यूज: संवाद सूत्र।


