उत्तराखंड में बार-बार क्यों फट रहे हैं बादल?
उत्तराखंड में बार-बार क्यों फट रहे हैं बादल? सिर्फ प्रकृति नहीं, इंसान भी है जिम्मेदार
देहरादून – उत्तराखंड अब आपदा प्रदेश बनता जा रहा है। हर मानसून में किसी न किसी जिले से बादल फटने, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की खबर आ ही जाती है। पिछले साल उत्तरकाशी के धराली गांव में बादल फटने से पूरा गांव तबाह हो गया था। सवाल यही है – आखिर बादल उत्तराखंड में ही सबसे ज्यादा क्यों फटते हैं?
पहले समझो, बादल फटना होता क्या है?
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जब 20 से 30 वर्ग किलोमीटर के छोटे से इलाके में 1 घंटे में 100 मिमी से ज्यादा बारिश हो जाए, तो उसे बादल फटना कहते हैं।
मतलब जो बारिश एक हफ्ते में होनी चाहिए, वो 1 घंटे में हो जाती है। पहाड़ों की संकरी घाटियों में पानी को भागने की जगह नहीं मिलती और वो तबाही बनकर नीचे आ जाता है।
कारण 1 – पहाड़ों की बनावट
उत्तराखंड हिमालय में बसा है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी लेकर आने वाली हवाएं जब ऊंचे पहाड़ों से टकराती हैं, तो तेजी से ऊपर उठती हैं और घने बादल बन जाते हैं। यही बादल संकरी घाटियों में फंसकर फट जाते हैं।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ – ये जिले सबसे ज्यादा खतरे में हैं।
कारण 2 – जलवायु परिवर्तन
अब बारिश का पैटर्न बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, पूरे सीजन की कुल बारिश तो लगभग उतनी ही है, लेकिन ‘रेनी डे’ कम हो गए हैं।
मतलब जो बारिश पहले 7 दिन में होती थी, वो अब 3 दिन में ही हो जा रही है। जो मानसून पहले जून से सितंबर तक फैला रहता था, वो अब सिकुड़कर जुलाई-अगस्त में सिमट गया है।
ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं, इससे नदियों का बहाव बदल रहा है और ग्लेशियर झीलों के फटने का खतरा भी बढ़ गया है।
कारण 3 – इंसानों की गलती
विशेषज्ञ साफ कहते हैं – बादल फटना प्राकृतिक है, लेकिन तबाही को इंसान बढ़ा देता है।
सड़क, होटल और पुल बनाने के लिए पहाड़ों को काटा जा रहा है। नालों और पानी के प्राकृतिक रास्तों पर निर्माण हो गया है। जंगल कटने से मिट्टी पानी को सोख नहीं पाती।
पर्यावरणविद् अजय रावत के शब्दों में – “बादल फटना प्राकृतिक है, लेकिन लापरवाह निर्माण तबाही को कई गुना बढ़ा देता है।”
आगे क्या होगा?
वैज्ञानिकों की चेतावनी है कि अगर बिना प्लानिंग के निर्माण और जंगलों की कटाई नहीं रुकी, तो आने वाले सालों में ऐसी घटनाएं और बढ़ेंगी।
खतरे वाले इलाकों की मैपिंग, लोगों को सुरक्षित जगहों पर बसाना और बाढ़ की पहले चेतावनी देने वाला सिस्टम ही इस तबाही को कम कर सकता है।
बचने के लिए क्या करें?
– बरसात में नदी-नालों के किनारे घर / टेंट न लगाएं
– मौसम विभाग का रेड अलर्ट आने पर यात्रा टाल दें
– पहाड़ काटकर बने नए होटल / मकान में बरसात में न रहें

